डोईवाला–देहरादून 11 अगस्त। आज दिनांक – 11/08/2026 को कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में पुलिस टीम को एक 16 वर्षीय बालक लावारिस हालत में स्कूल ड्रेस में घूमता हुआ मिला। पुलिस द्वारा बालक को विश्वास में लेते हुए पूछताछ करने पर उसके द्वारा स्वयं को बैंक कॉलोनी, अजबपुर कलां, नेहरू कॉलोनी, देहरादून का निवासी होना बताया। बालक द्वारा बताया गया कि वो अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश जा रहा था, लेकिन रास्ते में दोस्तों से बिछड़ गया और रास्ता भटककर डोईवाला पहुंच गया। बातचीत के दौरान पुलिस को ज्ञात हुआ कि बालक मानसिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ नहीं है, जिस कारण बालक अपने घर का पता एवं परिजनो का मोबाइल नम्बर अथवा कोई अन्य महत्वपूर्ण जानकारी नही दे पा रहा था।
बालक द्वारा पहनी हुई स्कूल ड्रेस के आधार पर डोईवाला पुलिस द्वारा तुरंत सम्बन्धित स्कूल प्रबंधन से दूरभाष पर संपर्क किया तथा स्कूल के सहयोग से बालक के परिजनों का फोन नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया गया। सूचना पर बालक के पिता स्वंय कोतवाली डोईवाला पहुंचे, जहां पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए बालक को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया गया।
अपने बालक को सकुशल वापस पाकर बालक के परिजनों ने दून पुलिस की त्वरित कार्यवाही की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार प्रकट किया गया।









