फिरोजपुर पंजाब 22 अक्टूबर । ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA), फिरोजपुर मंडल ने रेलवे प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ 22 अक्टूबर को विभिन्न लॉबियों में धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि जालंधर लॉबी में CCC की कार्यप्रणाली के कारण रनिंग स्टाफ लगातार मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि जालंधर लॉबी में भ्रष्टाचार एवं मनमानी की शिकायतें गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। पहले से ही 20% से अधिक रिक्तियों का बोझ उठा रहे रनिंग स्टाफ पर अनावश्यक ABSENT लगाने तथा निर्धारित छुट्टी और विश्राम समय पर न देने से कर्मचारियों का मानसिक तनाव बढ़ रहा है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि तनावग्रस्त कर्मचारियों से रेल संचालन करवाना सुरक्षित एवं संरक्षित रेल परिचालन की भावना के विपरीत है। यदि ऐसी परिस्थितियों में कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी। संगठन ने जालंधर CCC को वर्तमान पद से हटाने, वेतन में अनावश्यक कटौती बंद करने, बकाया भुगतान एवं किलोमीटर एरियर जारी करने, ALP साथियों के लंबित इंक्रीमेंट एरियर व स्टाइपेंड का भुगतान करने तथा Sr. ALP एवं Sr. LPS की अपग्रेडेशन सहित सभी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की है।
AILRSA ने स्पष्ट किया कि रनिंग स्टाफ के सम्मान, आर्थिक अधिकारों और रेल यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। मांगों की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जा सकता है।








