डोईवाला‐देहरादून 27 सितंबर। डोईवाला शुगर कम्पनी लि०, डोईवाला में श्री सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय, सचिव, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तराखण्ड शासन, देहरादून की अध्यक्षता में दिनांक 26.09.2026 को निदेशक मण्डल की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें श्री प्रकाश चन्द दुमका, प्रबन्ध निदेशक, श्री त्रिलोक सिंह मार्तोलिया, गन्ना आयुक्त, श्री अजयवीर सिंह, अधिशासी निदेशक, हिमानी पाठक, संयुक्त आयुक्त, श्री विजय पाण्डेय, महाप्रबन्धक इत्यादि अधिकारियों/ निदेशकों द्वारा मुख्य रूप से प्रतिभाग किया गया।
सचिव/प्रशासक द्वारा डोईवाला व किच्छा चीनी मिल की निदेशक मण्डल एवं समीक्षा बैठक के दौरान मिल के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। उन्होंने अधिकारियों को कृषक एवं जनहित में धरातल पर उतरकर कार्य करने तथा मिल का आगामी पेराई सत्र 2026-27 के संचालन हेतु रिपेयर एण्ड मेन्टीनेंश कार्यों को ससमय पूर्ण कर समस्त स्टेशनों का ट्रायल अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी निदेशक श्री अजयवीर सिंह ने बैठक में बताया कि मिल की मशीनरी अत्यधिक पुरानी हो चुकी है जिनमें कुछ स्टेशनों / मशीनों में बदलाव कर मिल की आर्थिक स्थिति सुदृढ करने हेतु सुधार किये जा सकते हैं जिसके लिए उन्होंने उत्तराखण्ड शासन से डोईवाला चीनी मिल को वित्तीय सहायता दिलवाने का अनुरोध किया।
बैठक के उपरान्त सचिव, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग द्वारा मिल का निरीक्षण कर रिपेयर एण्ड मेन्टीनेंश सम्बन्धी कार्यों का जायजा लिया गया तथा मौके पर मिल अधिकारियों को साफ-सफाई एवं सुरक्षा सम्बन्धी व्यवस्थाओं को सुदृढ करने के लिए लिए निर्देशित किया गया। मिल में निरीक्षण के दौरान उपरोक्त अधिकारियों के साथ-साथ डी०पी०शर्मा, सुनील चन्द्र बिष्ट, आशुतोष अग्निहोत्री, सर्वजीत सिंह, अरविन्द शर्मा, मनोज राठी, एच० एस० पाण्डेय, मांगे सिंह, अक्षय सिंह, अंकित सिंह, अमरजीत सिंह, शिवानी वर्मा, सुषमा चौधरी, नरेन्द्र कुमार, दीपक विश्वकर्मा इत्यादि उपस्थित रहे।
मिल के श्रमिक प्रतिनिधियों ने सचिव, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग द्वारा पहली बार निदेशक मण्डल की बैठक मिल में आहुत किये जाने के लिए आभार व्यक्त किया तथा उन्होंने बताया कि विगत कई वर्षों में गन्ना विभाग के समस्त उच्च अधिकारी मिल में एक साथ पहुँचे है जिससे कर्मचारी भी काफी उत्साहित हैं। श्रमिक प्रतिनिधियों द्वारा कर्मचारियों की पूर्व में की गई वेतन कटौती के स्थान पर पुनरीक्षित वेतनमान बहाल करने की मांग को प्रमुखता से रखा। इस सम्बन्ध में सचिव/प्रशासक द्वारा श्रमिक प्रतिनिधियों की मांग को गम्भीरता से सुना गया तथा मौके पर मौजूद सम्बन्धित उच्च अधिकारियों को उक्त प्रकरण सम्बन्धी अभिलेखों का विस्तृत परीक्षण कर यथाशीघ्र आख्या उनके सम्मुख प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। श्रमिक प्रतिनिधियों द्वारा सचिव/ प्रशासक को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया, इस दौरान श्री कमल बहादुर, दिनेश वर्मा, सतविन्दर संधू इत्यादि उपस्थित रहे।






