काशीपुर 14 मई । पेराई सत्र 2026-27 हेतु निर्गत गन्ना सर्वेक्षण नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी पेराई सत्र की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज कार्यालय गन्ना एवं चीनी आयुक्त, उत्तराखण्ड, काशीपुर स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया जी द्वारा की गयी।
बैठक में त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने पेराई सत्र 2026-27 हेतु जारी गन्ना सर्वेक्षण नीति के समस्त प्रावधानों का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गन्ना सर्वेक्षण के दौरान कोई भी कृषक सर्वे से वंचित न रहे तथा किसान का नाम, मोबाइल नंबर एवं अन्य समस्त विवरण अभिलेखों में शुद्ध एवं पूर्ण रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही प्रत्येक कृषक से आवश्यक घोषणा-पत्र भी भरवाया जाए।
आयुक्त महोदय ने कहा कि गन्ना सर्वेक्षण विभाग का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके माध्यम से गन्ना उत्पादन एवं चीनी मिलों को उपलब्ध होने वाले गन्ने का वास्तविक आकलन किया जाता है। इसी आधार पर चीनी मिलें अपनी पेराई नीति एवं संचालन योजना तैयार करती हैं। आयुक्त महोदय ने अवगत कराया कि इस वर्ष गन्ना सर्वेक्षण कार्य में ‘एग्री फॉरेस्ट्री” नामक एक नया कॉलम जोड़ा गया है, जिसमें गन्ने के साथ सहफसल के रूप में लगाए गए पॉपलर तथा अन्य वृक्षों का विवरण अंकित किया जाएगा।
बैठक में विगत वर्षों के लंबित चैनमैन भुगतान का शीघ्र निस्तारण करने तथा अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित चीनी मिलों को दिए गए। साथ ही आगामी पेराई सत्र के दृष्टिगत सभी चीनी मिलों को मरम्मत एवं रखरखाव कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि पेराई कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
आयुक्त महोदय द्वारा बताया गया कि सहकारी गन्ना विकास समितियों को ऑनलाइन किए जाने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके अंतर्गत खाद गोदामों को भी ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ा जाएगा, जिससे कृषकों को खाद उपलब्धता, स्टॉक, शेष मात्रा, ऋण सीमा तथा ऋण भुगतान संबंधी सूचनाएँ ऑनलाइन प्राप्त हो सकेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समितियों के कार्य संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्री चन्द्र सिंह इमलाल, संयुक्त गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्रीमति हिमानी पाठक, प्रचार एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री नीलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्त (मुख्यालय) श्री आशीष नेगी, सहायक गन्ना आयुक्तगण हरिद्वार, देहरादून एवं ऊधम सिंह नगर, समस्त ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, सहकारी गन्ना विकास समितियों के सचिव तथा विभिन्न चीनी मिलों के प्रतिनिधि ऑनलाईन एवं ऑफलाईन माध्यम से उपस्थित रहे।








