पिथौरागढ़ के मिनी स्टेडियम में प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने किया ध्वजारोहण।

*पिथौरागढ़, 15 अगस्त:* स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पिथौरागढ़ जनपद की प्रभारी मंत्री एवं उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पुलिस लाइन स्थित ऐतिहासिक ‘मिनी स्टेडियम’ परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की गूंज के साथ तिरंगे को सलामी दी गई और पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण निर्मित हो गया।

समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने अपने भाषण में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को मजबूत बनाना और यहाँ की जनसुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है।

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क कनेक्टिविटी और स्वरोजगार के अवसरों को सुदूर गाँवों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्ति का संकल्प लेने और खेल तथा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन का यह मिनी स्टेडियम युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में चल रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध सीमा में पूरा किया जाए।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों, खिलाड़ियों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद, मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, लक्ष्मी देवी, धर्म सिंह रावत, देवी दत्त जोशी, प्रेमा देवी, विमला चंद्र, कौशल्या देवी, दीपा देवी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here