देहरादून 28 मई। दिनांक – 27/05/2026 को मोहित कुमार रघुवंशी पुत्र प्रदीप कुमार रघुवंशी निवासी -17 हनुमान चौक कोतवाली नगर देहरादून ने चौकी खुड़बुड़ा पर आकर सूचना दी कि उनका एप्पल मैकबुक लैपटॉप दिनाँक 26/05/2026 की रात्रि में गलती से उनकी दुकान के बाहर छूट गया था, जो अब उन्हें नहीं मिल रहा है, उक्त लैपटॉप में उनका काफी महत्वपूर्ण डाटा था, जिससे उन्हें काफी नुकसान हो सकता है। प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए चौकी खुड़बुड़ा से पुलिस कर्मियों द्वारा आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया तो फुटेज में एक महिला उक्त लैपटॉप को ले जाती हुई दिखाई दी, पुलिस कर्मियों द्वारा अथक प्रयासों से आगे लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से उक्त महिला के सम्बंध में जानकारी प्राप्त कर उसकी तलाश की गई।
महिला द्वारा बताया गया कि उन्हें उक्त लैपटॉप घर जाते समय रास्ते में मिला था, जिसे उन्होंने अपने घर पर रखा है। पुलिस कर्मियों द्वारा उक्त महिला से लैपटॉप प्राप्त कर उसे सकुशल उसके मालिक के सुपुर्द किया गया। अपना लैपटॉप सकुशल वापस मिलने पर लैपटॉप के स्वामी द्वारा पुलिस की त्वरित कार्यवाही की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार प्रकट किया गया।









