काशीपुर 27 नवंबर। विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा शरदकालीन गन्ना बुवाई की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक कार्यालय गन्ना एवं चीनी आयुक्त, उत्तराखण्ड, काशीपुर स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गन्ना एवं चीनी आयुक्त, श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया महोदय द्वारा की गई। बैठक में आयुक्त महोदय ने शरदकालीन गन्ना बुवाई वर्ष 2025-26 हेतु निर्धारित सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समस्त सहायक गन्ना आयुक्तों को स्पष्ट निर्देश प्रदान किए। उन्होंने विभागीय रणनीति के
अनुरूप गन्ना क्षेत्रफल में वृद्धि के लिए सक्रिय प्रयास करने पर विशेष बल दिया।
आयुक्त महोदय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अन्तर्गत आवंटित धनराशि का सम्पूर्ण उपयोग वित्तीय वर्ष के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। आयुक्त महोदय द्वारा सभी चीनी मिलों को उनकी स्थापित क्षमता के अनुरूप गन्ने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश सम्बन्धित जिलो के सहायक गन्ना आयुक्त को दिए गए. ताकि पेराई सत्र में मिलों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिन कृषकों द्वारा निरंतर गन्ना आपूर्ति नहीं की जा रही है, ऐसे कृषकों को समिति द्वारा प्रदत्त लाभों से वंचित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए,। आधार एवं प्राथमिक पौधशालाओं के संबंध में आयुक्त महोदय द्वारा यह निर्देश दिया गया कि सभी पौधशालाओं को क्लस्टर के रूप में अधिष्ठापित करते हुए उच्च गुणवत्ता वाले, रोगमुक्त एवं प्रमाणित बीज का उत्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, सभी अधिष्ठापित पौधशालाओं की टैगिंग अनिवार्यतः की जाए, जिससे निरीक्षण एवं निगरानी की प्रणाली को और अधिक सुदृढ बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दृष्टिगत, आयुक्त महोदय द्वारा अधिशासी अभियंता (गन्ना) को निर्देशित किया गया कि विभाग द्वारा किए जा रहे सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराए जाएँ।
बैठक में अपर गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्री चन्द्र सिंह इमलाल, संयुक्त गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्रीमति हिमानी पाठक, प्रचार एव जनसम्पर्क अधिकारी श्री नीलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्त (मुख्यालय) श्री आशीष नेगी, तथा सहायक गन्ना आयुक्त, हरिद्वार, तथा उधमसिंह नगर एवं समस्त ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक उपस्थित रहें।





