भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी की जयंती पर दी श्रद्धांजलि।

काशीपुर 10 सितंबर। कार्यालय गन्ना एवं चीनी आयुक्त, बाजपुर रोड, काशीपुर में भारत रत्न, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराखण्ड की महान विभूति पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी की जयंती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गन्ना एवं चीनी आयुक्त महोदय की गरिमामयी उपस्थिति में पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गन्ना एवं चीनी आयुक्त महोदय ने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी, उत्तर प्रदेश (तत्कालीन) के प्रथम मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्र भारत के गृहमंत्री के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों को समर्पित रहा। उन्होंने किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिनसे लोकतंत्र और प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा मिली।

गन्ना एवं चीनी आयुक्त महोदय ने यह भी कहा कि पंत जी की दूरदर्शी सोच और प्रशासनिक दक्षता आज भी शासन-प्रशासन एवं जनसेवा के क्षेत्र में प्रेरणा देती है। हमें चाहिए कि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों की सेवा में योगदान दें।

इस अवसर पर अपर गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्री चन्द्र सिंह इमलाल, प्रचार एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री नीलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्त श्री आशीष नेगी सहित कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पंडित जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here