पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड ने आज स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

देहरादून 15 अगस्त। आज *स्वतंत्रता दिवस-2026* के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में *श्री दीपम सेठ, पुलिस  महानिदेशक, उत्तराखण्ड महोदय ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।*

इसके उपरान्त पुलिस महानिदेशक महोदय ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर *चयनित पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’गोल्ड’ एवं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’सिल्वर’ एवं “पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान* कर सभी को बधाई दी।

*अपने सम्बोधन में पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड ने कहा*- “साथियों, स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर मैं आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।

आज का यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर आजादी के नायकों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर देता है, जिनके त्याग, साहस और बलिदान के कारण आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र के नागरिक हैं।

साथियों, राष्ट्र की एकता और अखंडता, संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। इस दायित्व के निर्वहन में हमारे पुलिसकर्मी सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं।

आज पदक एवं सम्मान-चिह्न प्राप्त करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मैं पूरे पुलिस परिवार की ओर से हार्दिक बधाई देता हूँ।

मुझे गर्व है कि उत्तराखण्ड पुलिस ने प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पेशेवर दक्षता और कार्यकुशलता का परिचय दिया है। माननीय प्रधानमंत्री जी के रोड शो में सुरक्षा प्रबन्धन की कड़ी चुनौती से लेकर माननीय केंद्रीय गृह मंत्री जी की उपस्थिति में आयोजित पांच दिवसीय न्याय संहिता प्रदर्शनी के सफल आयोजन तक, पुलिस ने अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया है।

विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर समन्वय के साथ संभालते हुए हमने सुरक्षा, सेवा और आस्था—तीनों के बीच संतुलन बनाए रखा।

साइबर अपराध प्रबंधन के क्षेत्र में ‘प्रगति’ समीक्षा बैठक में उत्तराखण्ड पुलिस का देश के Top 5 राज्यों में स्थान प्राप्त करना, पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार से Institutional Performance Award for State Police प्राप्त करना तथा BRICS सम्मेलन में सिल्क्यारा टनल और धराली-हर्षिल रेस्क्यू मॉडल की सराहना किया जाना, हमारी कार्यकुशलता का प्रमाण है।

हमारे खिलाड़ियों ने भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तराखण्ड पुलिस का गौरव बढ़ाया है। वहीं, पुलिस कर्मियों के कल्याण और प्रोत्साहन की दिशा में पिछले एक वर्ष में 950 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नतियां दी गई हैं।

साथियों, उत्तराखण्ड पुलिस की इन उपलब्धियों के पीछे हमारे अनेक “नायक’ हैं। रात-दिन बैरियर पर तैनात जवान, परिवार से दूर ड्यूटी करने वाली हमारी महिला पुलिसकर्मी, वाहन चालक, ट्रैफिक कर्मी, वायरलेस ऑपरेटर, साइबर विशेषज्ञ और फील्ड में कार्य करने वाले प्रत्येक पुलिसकर्मी—आप सभी हमारी असली ताकत हैं।
उत्तराखण्ड पुलिस की हर सफलता के पीछे आपके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की कहानी है। मैं आप सभी के जज्बे की सराहना करता हूँ।

मुझे पूर्ण विश्वास है कि हम सभी इसी निष्ठा, साहस और कर्तव्यपरायणता के साथ उत्तराखण्ड की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करते हुए प्रदेशवासियों की सेवा करते रहेंगे।

इस अवसर पर श्री वी0 मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, श्री ए पी अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन सहित समस्त पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण सहित पुलिस मुख्यालय के समस्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here