भ्रष्ट कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा : मर्तोलिया।

काशीपुर 29 जुलाई। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा गन्ना विकास परिषद, डोईवाला में कार्यरत परिषद वेतनभोगी लिपिक श्री नितिन कुमार भटनागर के विरुद्ध संस्था के बचत खाते से बैंक लेन-देन के माध्यम से अपने निजी बैंक खाते में बड़ी धनराशि अनधिकृत रूप से अंतरित कर जमा किए जाने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत प्राप्त होने पर प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अभिलेखों का परीक्षण कराया गया। प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता परिलक्षित होने के फलस्वरूप प्रकरण के संबंध में थाना डोईवाला में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई है।

प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, गन्ना एवं चीनी आयुक्त, उत्तराखण्ड द्वारा संबंधित कार्मिक श्री नितिन कुमार भटनागर, परिषद वेतनभोगी लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय सहायक गन्ना आयुक्त, हरिद्वार कार्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही, प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रभारी सहायक गन्ना आयुक्त, हरिद्वार को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित अवधि के भीतर जांच पूर्ण कर अपनी आख्या प्रस्तुत करें, ताकि दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक एवं विधिक कार्रवाई की जा सके।

इस संबंध में श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, गन्ना एवं चीनी आयुक्त, उत्तराखण्ड ने स्पष्ट किया है कि विभागीय कार्यों में वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग में वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा शासकीय धन के दुरुपयोग के किसी भी प्रकरण में दोषी पाए जाने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उत्तराखण्ड शासन की भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here