प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस के उच्च पदाधिकारी द्वारा द्वारा ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों को किया ब्रीफ

देहरादून 1 नवंबर। दिनाँक 02/11/2025 से प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद देहरादून, हरिद्वार में ड्यूटी में नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों की अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना महोदय द्वारा आज दिनाँक 01/11/2025 को पुलिस लाइन देहरादून में ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम हेतु किये गये सुरक्षा प्रबन्धों की समीक्षा करते हुए वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में सभी अधिकारियों को सजग एवं सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) द्वारा ऑनलाइन ब्रीफिंग में जुड़कर समस्त प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग के दौरान एडीजी इंटेलिजेंस महोदय द्वारा सभी प्रभारी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह अपने साथ सादे व वर्दी में लगने वाले समस्त पुलिस बल की पहचान कर उनके ड्यूटी कार्ड चैक करते हुए उन्हें ड्यूटी के सम्बन्ध में भली- भांति ब्रीफ कर लें तथा इस बात को सुनिश्चित कर लें कि ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारीगण अपने ड्यूटी स्थल को छोडकर किसी एक स्थान पर एकत्रित न हों।

वी0वी0आई0पी0 से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी सुरक्षा के पहलू से सतर्क दृष्टि रखी जाये तथा पूर्व में नामित व्यक्तियों को ही वीवीआईपी से मिलने की अनुमति दी जाये।

वीवीआईपी रुट प्रभारी को निर्देशित किया कि वीवीआईपी कार्यक्रम से पूर्व ही सम्पूर्ण रुट व्यवस्था का भली प्रकार निरीक्षण कर इस बात को सुनिश्चित कर लें कि वीवीआईपी रुट पर किसी प्रकार की निर्माण सामग्री न पड़ी हो। इसके अतिरिक्त सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वीवीआईपी प्रवास स्थल, कार्यक्रम स्थल व उसके आस-पास के क्षेत्र में ड्रोन का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबन्धित रहेगा, इस दौरान किसी को भी उक्त क्षेत्र में ड्रोन उडाने की अनुमति नहीं होगी।

सुरक्षा की दृष्टि से वीवीआईपी प्रवास स्थल व कार्यक्रम स्थल के आस-पास के क्षेत्रों में सदिंग्ध व्यक्तियों की तलाश हेतु चैकिंग सुनिश्चित की जाये, साथ ही वी0वी0आई0पी0 रूट तथा मुख्य कार्यक्रम स्थल के आस-पास स्थिति ऊंचे भवनो, पानी की टंकियो आदि स्थानो की बी0डी0एस0 तथा डॉग स्कवॉड टीम से सघन चैकिंग कराते हुए उक्त स्थानों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाये।

सभी अधिकारी इस बात को सुनिश्चित कर ले कि ड्यूटी के दौरान किसी भी कर्मचारी द्वारा अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का उपयोग न किया जाए और न ही बिना बताये अपने ड्यूटी प्वांईट को छोडा जाये। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर सम्बन्धित पुलिस कर्मी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।

उक्त ब्रीफिंग में जनपद हरिद्वार में वीवीआईपी ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया गया।

ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक (साइबर/एसटीएफ),पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), पुलिस उप महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इससे पूर्व आज प्रातः पुलिस महानिरीक्षक साइबर/ एसटीएफ, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा वीवीआईपी ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की पुलिस लाइन में ब्रीफिंग करते हुए उन्हें सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here