नवनिर्माण के संवाहक हैं श्रमिक, हर सुख-दुख में साथ खड़ी है सरकार: रेखा आर्या।

अल्मोड़ा/सोमेश्वर, 18 अगस्त। अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धौलाघाट स्थित रामलीला मैदान में श्रम विभाग के ‘उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ के तत्वावधान में किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्रम विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 280 पंजीकृत पात्र लाभार्थियों—महिला श्रमिकों, पुरुषों और बच्चों को पोषण किट, स्वच्छता किट तथा शैक्षणिक सामग्री किट का वितरण किया गया।

श्रमिकों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि देश और प्रदेश के बुनियादी ढांचे तथा नवनिर्माण में हमारे श्रमिक भाइयों-बहनों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। पसीना बहाकर विकास की नींव रखने वाले इन श्रमिकों के हितों की रक्षा करना हमारी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हमारी सरकार श्रमिकों के हर सुख-दुख की सच्ची साथी है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ‘उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के लिए विवाह सहायता, प्रसूति सहायता, मृत्युोपरांत सहायता, छात्रवृत्ति, कौशल उन्नयन तथा श्रमिक स्वास्थ्य जैसी अनेक योजनाएं चला रही है। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में काम करने वाले अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया जाए।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, जिला श्रम अधिकारी आशा पुरोहित, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, गोपाल खोलिया, विपिन पाठक, हरीश रौतेला, जगदीश आर्य, कैलाश गोस्वामी, नरेंद्र बिष्ट, देवेंद्र मेहरा, प्रीती जोशी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here