18 अगस्त दिनांक 19/20-08-2026 को जनपद देहरादून में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा में नियुक्त किये गये समस्त पुलिस बल की आज दिनांक 18/08/2026 को एडीजी लॉ एंड आर्डर व अन्य उच्चाधिकारी गणों द्वारा पुलिस लाइन देहरादून में ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम हेतु किये गये सुरक्षा प्रबन्धों की समीक्षा करते हुए वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में सभी अधिकारी/कर्मचारीगणों को सजग एवं सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया।
ब्रीफिंग में पुलिस एडीजी (लॉ एंड आर्डर),आईजी (एसटीएफ) व आईजी (गढ़वाल रेंज) द्वारा उपस्थित पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए सभी अधिकारी/कर्मचारीयो को निर्धारित समय से 03 घंटे पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर अपने प्रभारी अधिकारी से ड्यूटी के संबंध में जानकारी प्राप्त करने, ड्यूटी स्थल व उसके आस-पास के स्थानों को भली-भांति चैक करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही सभी नोडल पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने साथ सादे व वर्दी में लगने वाले समस्त पुलिस बल की पहचान कर उनके ड्यूटी कार्ड चैक करते हुए उन्हें ड्यूटी के सम्बन्ध में भली भांति ब्रीफ कर लें तथा इस बात को सुनिश्चित कर लें कि ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारीगण अपने ड्यूटी स्थल को छोडकर किसी एक स्थान पर एकत्रित न हों।
वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक व्यक्ति के सत्यापन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये, साथ ही कार्यक्रम से पूर्व उनकी प्रापर चैकिंग/फ्रिक्सिंग करने के उपरान्त ही उन्हें उक्त कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने की अनुमति दी जाये। वीवीआईपी रूट व उसके आस-पास के क्षेत्रों में सदिंग्ध व्यक्तियों की तलाश हेतु सघन चैकिंग सुनिश्चित करते हुए वी0वी0आई0पी0 रूट पर पडने वाली हाई राइज बिल्डिंग्स में रहने वाले लोगों के शतप्रतिशत सत्यापन की कार्यवाही करते हुए रूट पर मौजूद हाईराइज बिल्डिंग के साथ-साथ, पानी की टंकियो, फ्लाई ओवर आदि स्थानो की बी0डी0एस0 तथा डॉग स्कवॉड टीम से सघन चेकिंग कराते हुए उक्त स्थानों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाये।
ड्यूटी पर नियुक्त समस्त अधिकारी/कर्मचारी अपने आस-पास के स्थान को भली-भांति चैक करते हुए इस बात को सुनिश्चित कर लें कि उनके आस-पास तय कार्यक्रम के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की कोई नई गतिविधि न हो।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों व उनके वाहनो को ही विधिवत चेकिंग/फ्रिस्किंग के बाद ही जाने की अनुमति दी जाए। साथ ही वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी सुरक्षा के पहलू से सतर्क दृष्टि रखी जाये तथा पूर्व में नामित व्यक्तियों को ही एन्टी सबोटाज चौकिंग के पश्चात कार्यक्रम स्थल में जाने की अनुमति दी जाये।
इसके अतिरिक्त ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न किया जाए और न ही बिना बताये अपने ड्यूटी प्वांईट को छोडा जाये। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर सम्बन्धित पुलिस कर्मी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वीवीआईपी भ्रमण के दौरान कार्यक्रम स्थल व उसके आस-पास के क्षेत्र में ड्रोन का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबन्धित रहेगा, इस दौरान किसी को भी उक्त क्षेत्र में ड्रोन उडाने की अनुमति नहीं होगी।
ब्रीफिंग में श्री वी० मुरुगेशन, (अपर पुलिस महानिदेशक L/O), श्री नीलेश आनंद भरणे( पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ), श्री राजीव स्वरूप (पुलिस महानिरीक्षक गढवाल परिक्षेत्र), श्री धीरेंद्र गुंज्याल (पुलिस उप महानिरीक्षक, L/O) तथा ड्यूटी में नियुक्त अन्य राजपत्रित अधिकारीगण व पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।







