19 मई। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (इंडियनऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल), तेल और गैस क्षेत्र को प्रभावित कर रही वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए हुए हैं।
आईओसीएल उत्तराखंड के राज्य स्तरीय समन्वयक श्री कृष्ण कुमार गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि तेल उद्योग अपने व्यापक आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। जिसमें टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और रिटेल आउटलेट शामिल हैं। सभी आउटलेट पर ईंधन वितरण सुचारू रूप से चल रहा है और निर्धारित सुरक्षा और परिचालन मानदंडों के अनुरूप बिना किसी प्रतिबंध के आपूर्ति जारी है।
प्रदेश में पूरी आपूर्ति श्रृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं की प्रामाणिक मांगों को कुशलतापूर्वक पूरा करने के लिए निरंतर पुनःपूर्ति की जा रही है। घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है और राज्य भर में वितरण सुचारू रूप से चल रहा है।
आईओसीएल उत्तराखंड ने उपभोक्ताओं से विनम्र अपील करते हुआ कहा कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीद अथवा संग्रहण (पैनिक बाइंग) से बचें। साथ ही ईंधन उपलब्धता संबंधी सही एवं प्रमाणित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों के आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही विश्वास करें.








