आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया की अध्यक्षता में पेराई सत्र 2026-27 हेतु गन्ना सर्वेक्षण नीति के निर्धारण, गन्ना बुवाई कार्य की समीक्षा तथा अन्य बिन्दुओं पर अधीनस्थ संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी।

काशीपुर 9 अप्रैल। पेराई सत्र 2026-27 हेतु गन्ना सर्वेक्षण नीति के निर्धारण, गन्ना बुवाई कार्य की समीक्षा तथा अन्य बिन्दुओं पर कार्यालय आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तराखण्ड, काशीपुर स्थित सभागार में समस्त सहायक गन्ना आयुक्तों एवं समस्त ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया महोदय द्वारा की गयी। बैठक में पेराई सत्र 2026-27 हेतु गन्ना सर्वेक्षण नीति निर्धारित किये जाने के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया तथा सुझाव आमंत्रित किये गये ताकि शीघ्र ही गन्ना सर्वेक्षण नीति जारी की जा सके। आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया की सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गन्ना सर्वेक्षण कार्य हेतु टैबलेट की उपलब्धता सुनिश्चित कर लें, ताकि गन्ना सर्वे कार्य सुचारू रूप से सम्पादित किया जा सके। बसन्तकालीन गन्ना बुवाई कार्य की समीक्षा की गयी तथा गन्ना क्षेत्रफल में वृद्धि कराने के लिये हरसंभव प्रयास सहायक गन्ना आयुक्तों एवं सभी कार्मिकों को करने के निर्देश दिये गये, जिससे पेराई सत्र 2026-27 में चीनी मिलों को गन्ने की कमी न हो। पौधशाला स्थापन की समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों को निर्देशित किया की आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष शतप्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाये। आयुक्त महोदय ने यह भी निर्देशित किया की पेराई सत्र 2025-26 एवं विगत पेराई सत्रों के अवशेष गन्ना मूल्य एवं गन्ना विकास अंशदान का पूर्ण भुगतान किया जाये। साथ ही गन्ना विकास परिषदों को भी गन्ना विकास अंशदान का भुगतान तत्काल सुनिश्चित किया जाये। इस बैठक में अपर आयुक्त श्री चन्द्र सिंह इमलाल, प्रचार एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री नीलेश कुमार, सहायक चीनी आयुक्त श्री सुप्रिय मोहन, सहायक गन्ना आयुक्त मुख्यालय श्री आशीष नेगी तथा सहायक गन्ना आयुक्त हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here