काशीपुर 19 दिसंबर। आज दिनांक 19 दिसम्बर 2025 को आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तराखण्ड श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया की अध्यक्षता में समस्त चीनी मिलों और सहकारी गन्ना विकास समितियों के कार्यकलापों की समीक्षा बैठक ली गई। पेराई सत्र 2025-26 में राज्य की चीनी मिलों द्वारा अब तक 110 लाख 96 हजार कुंतल गन्ना पेराई करते हुए 9 लाख 57 हजार चीनी का उत्पादन किया गया है। उक्त के अतिरिक्त चीनी मिलों द्वारा कुल देय गन्ना मूल्य रूपये 439.98 करोड़ के सापेक्ष रूपये 295.78 करोड़ का भुगतान किया गया है तथा रूपये 144.20 करोड़ गन्ना मूल्य अवशेष है। चीनी मिलों द्वारा 67 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा चुका है।
बाजपुर चीनी मिल द्वारा अभी तक कोई गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया गया है, चीनी
मिल बाजपुर को यथाशीध्र गन्ना मूल्य का भुगतान किये जाने के निर्देश दिये गये।
सभी चीनी मिलों को गन्ना किसानों की फसल का नियमित उठान किये जाने, परिवहन की व्यवस्था को दुरूस्त किये जाने एवं समानुपातिक खरीद किये जाने के निर्देश दिये गये। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि समस्त चीनी मिलें नियमान्तर्गत अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान गन्ना समितियों के माध्यम से समस्त किसानों को यथासमय किया जाना सुनिश्चित करें। समस्त सचिव प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि चीनी मिल से भुगतान प्राप्त होने उपरान्त तत्काल गन्ना किसानों को भुगतान सुनिश्चित कराया जाये, इसमें विलम्ब होने की दशा में सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
गन्ना समितियों के संतुलन पत्रों इत्यादि कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी सचिव प्रभारियों को निर्देशित किया कि अविलम्ब समिति संतुलन पत्रों और उनके लेखा परीक्षा का कार्य अद्यतन करा लिया जाये। साथ ही किसानों को वितरित किये गये ऋण की वसूली कराये जाने हेतु विशेष अभियान चलाते हुए अधिकाधिक वसूली सुनिश्चित कराऐं। आयुक्त द्वारा यह भी निर्देशित किया कि गन्ना समितियों की भूमि एवं अन्य सम्पत्तियों जिनमें अनाधिकृत रूप से कब्जे/अतिक्रमण की स्थिति है, वहां जिला प्रशासन से समन्वय करते हुए कब्जा हटाये जाने एवं जो मामलें माननीय न्यायालयों में विचाराधीन हैं उनमें भी प्रभावी पैरवी किये जाने के निर्देश दिये गये।





