देहरादून, 24 नवम्बर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज गढ़ी कैंट स्थित डाकरा गुरुद्वारे में सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु नानक देव के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरु नानक देव के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के प्रति उनके संदेश को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता, प्रेम और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, सद्भाव और मानव सेवा के लिए प्रेरित करती हैं।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ केवल एक उपदेश नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी महान प्रेरणा है, जो हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से कर्म करने और जरूरतमंदों के साथ अपनी खुशियां एवं संसाधन साझा करने की सीख देती है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा को सर्वोपरि बताया। उनका जीवन हमें समाज में समानता, करुणा और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा भी हमें सर्वधर्म समभाव, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देती है। ऐसे पावन पर्व हमारी सांझी विरासत और सामाजिक सद्भाव को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रकाश पर्व की प्रदेशवासियों, विशेषकर सिख समाज के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर हम सभी गुरु नानक देव की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और सेवा, समर्पण तथा मानव कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लें।
इस अवसर पर हैड ग्रंथि शुभम सिंह, देवेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह, जसवीर सिंह, चैतन सिंह, देवेंद्र पाल सिंह आदि उपस्थित रहे।









