काशीपुर 16 अक्टूबर। आज दिनांक 16 अक्टूबर, 2026 को श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तराखण्ड की अध्यक्षता में गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केन्द्र, काशीपुर के प्रेक्षागृह में राज्य की चीनी मिलों को पेराई सत्र 2026-27 हेतु गन्ना क्षेत्रफल आवंटित किए जाने के संबंध में गन्ना सुरक्षण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राज्य की समस्त चीनी मिलों के प्रतिनिधियों तथा गन्ना किसानों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान आगामी पेराई सत्र के लिए चीनी मिलों को गन्ना क्षेत्रफल आवंटित किए जाने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं तथा गन्ना मूल्य भुगतान, घटतौली, क्रय केन्द्र निरीक्षण, खाद-उर्वरक आदि पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान गन्ना किसानों के हितों, चीनी मिलों की गन्ना आवश्यकता तथा गन्ने की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए गन्ना सुरक्षण एवं क्षेत्रफल आवंटन से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित चीनी मिलों के प्रतिनिधियों एवं किसानों ने भी गन्ना सुरक्षण एवं क्षेत्रफल आवंटन से संबंधित अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए। बैठक का उद्देश्य गन्ना किसानों के हितों का संरक्षण करते हुए राज्य की चीनी मिलों के लिए गन्ने की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आगामी पेराई सत्र को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करना रहा।
आयुक्त महोदय ने बैठक में किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए गन्ना किसानों एवं चीनी मिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, किसानों को मिलगेट एवं क्रय केन्द्रों पर मूल-भूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आगामी पेराई सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्रीमती हिमानी पाठक, सहायक गन्ना आयुक्त, मुख्यालय, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार एवं देहरादून भी उपस्थित रहे।






