युवाओं को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी निर्वहन करना होगा : रेखा आर्या।

*अल्मोड़ा, 21 अगस्त।* सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के मजखाली मंडल में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार युवा शक्ति को आगे बढ़ाने के लिए हर स्तर पर प्रयासरत हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल और स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता का पूरा उपयोग कर सकें।

रेखा आर्या ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और आने वाला समय भारत का है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में भारत की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं। युवाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना होगा। उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें और स्वरोजगार तथा उद्यमिता के माध्यम से अन्य युवाओं के लिए भी अवसर पैदा करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश युवा शक्ति को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। रेखा आर्या ने कहा कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है और आने वाला समय भारत का है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष दीपक बौरा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, गोपाल खोलिया, राज अधिकारी, दीपक रावत, मिथिलेश वर्मा, मंटू वर्मा, कैलाश बिष्ट, दिनेश वर्मा, राजू रावत, गणेश रौतेला, नवीन अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here