काशीपुर 4 फरवरी। विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा आगामी बसंतकालीन गन्ना बुवाई की तैयारियों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक कार्यालय गन्ना एवं चीनी आयुक्त, उत्तराखण्ड, काशीपुर स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गन्ना एवं चीनी आयुक्त, श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया महोदय द्वारा की गई।
बैठक में आयुक्त महोदय द्वारा बसंतकालीन गन्ना बुवाई वर्ष 2025-26 हेतु निर्धारित समस्त लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी सहायक गन्ना आयुक्तों एवं ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों को निर्देशित किया गया। उन्होंने विभागीय रणनीति के अनुरूप गन्ना क्षेत्रफल में वृद्धि हेतु सक्रिय एवं परिणामोन्मुख प्रयास करने पर विशेष बल दिया।
आयुक्त महोदय ने बसंतकालीन गन्ना बुवाई के लिए शोध केन्द्रों से आवंटित नवीनतम गन्ना प्रजातियों के बीज का समयबद्ध उठान कराते हुए पौधशाला बुवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही गत वर्ष अधिष्ठापित आधार पौधशालाओं से शत-प्रतिशत बीज वितरण कराते हुए प्राथमिक पौधशालाओं के अधिष्ठापन के निर्देश भी प्रदान किए गए।
आयुक्त महोदय द्वारा को०-0238 गन्ना प्रजाति को हतोत्साहित करते हुए उसके स्थान पर नवीन एवं उच्च उत्पादकता वाली प्रजातियों की बुवाई को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन एवं गन्ना बीज बदलाव कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त महोदय द्वारा चीनी मिलों के हित में पर्याप्त एवं ताजा गन्ना उपलब्ध कराने हेतु समस्त फील्ड स्तरीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्री चन्द्र सिंह इमलाल, संयुक्त गन्ना एवं चीनी आयुक्त श्रीमती हिमानी पाठक, सहायक गन्ना आयुक्त (मुख्यालय) श्री आशीष नेगी, सहायक गन्ना आयुक्तगण हरिद्वार, देहरादून एवं ऊधम सिंह नगर, समस्त ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक तथा सहकारी गन्ना विकास समितियों के सचिव उपस्थित रहे।




