काशीपुर 12 अगस्त। आगामी पेराई सत्र 2025-26 की तैयारियों की समीक्षा तथा गन्ना सर्वेक्षण की स्थिति, गन्ना आपूर्ति व्यवस्था एवं सट्टा नीति निर्धारण से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श हेतु एक बैठक आज कार्यालय गन्ना एवं चीनी आयुक्त, उत्तराखण्ड के सभागार, काशीपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गन्ना एवं चीनी आयुक्त, उत्तराखण्ड श्री त्रिलोक सिंह मर्तोलिया द्वारा की गई।
बैठक में आयुक्त महोदय ने पेराई सत्र 2025-26 हेतु गन्ना सर्वेक्षण की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों को निर्देशित किया कि गन्ना सर्वेक्षण में पाई जा रही ओवरलैपिंग की समस्या का त्वरित एवं स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनी रहे।
गन्ना आपूर्ति व्यवस्था एवं सट्टा नीति निर्धारण पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए आयुक्त महोदय ने आगामी सट्टा नीति को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने हेतु सभी संबंधित अधिकारियों एवं हितधारकों से व्यवहारिक एवं क्रियान्वयन योग्य सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नयी नीति के निर्माण में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
सार्वजनिक, सहकारी, सरकारी एवं निजी क्षेत्र की चीनी मिलों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए आयुक्त महोदय ने समय पर पेराई प्रारंभ करने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि गन्ना किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि गन्ना विभाग एवं चीनी मिलें आपसी समन्वय से कार्य कर, मिलों की क्षमता के अनुरूप गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करें, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
आयुक्त महोदय ने गन्ना विभाग के कार्मिकों को यह भी निर्देश दिए कि वे गन्ने की पैदावार बढ़ाने हेतु उन्नत प्रजातियों की बुवाई को प्रोत्साहित करें तथा अधिक से अधिक क्षेत्र में गन्ने की खेती के लिए किसानों को प्रेरित करें।
बैठक में अपर आयुक्त श्री चन्द्र सिंह इमलाल, प्रधान प्रबंधक, बाजपुर / अधिशासी निदेशक, किच्छा श्री ए.पी. वाजपेयी, प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री नीलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्तगण, सहकारी, सार्वजनिक, सरकारी एवं निजी क्षेत्र की चीनी मिलों के प्रतिनिधि, गन्ना विभाग के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





